.png)
एसटीएफ ने चिनहट के नेडा मोड़ से पकड़ा, ढाई लाख रुपये बरामद
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने चिनहट के नेडा मोड़ के पास से दो तस्करों को 202 ग्राम ब्राउन शुगर 2.45 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। बाराबंकी का यह तस्कर गिरोह गोरखपुर के रास्ते नशीला पदार्थ नेपाल पहुंचाने की तैयारी कर रहा था। लखनऊ में माल लेने आया था। इसी दौरान एसटीएफ ने दबोच लिया। पकड़े गए तस्करों में बाराबंकी के रामनगर स्थित लधौरा निवासी जान मोहम्मद व बहराइच के सलारगंज का अकबर अली शामिल है। दोनों के पास से 202 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। इसके अलावा 2.45 लाख रुपये नकदी, एक बाइक और दो मोबाइल बरामद किया है।
बाराबंकी से ले जाकर दोगुने दाम पर नेपाल में बेचते हैं
पूछताछ में अकबर अली ने बताया कि वह नेपाल के बांका जिले में रहने वाले पदम बहादुर से रुपये लेकर प्रदेश के बाराबंकी निवासी जान मोहम्मद से ब्राउन शुगर खरीदता है। इसकी कीमत करीब 1200 रुपये प्रति ग्राम है। इसके बाद इसी ब्राउन शुगर को अकबर, नेपाल के पदम बहादुर को 2500 रुपये प्रतिग्राम के हिसाब से बेचता है। जान मोहम्मद ने बताया कि वह स्वयं व गांव के आसपास के लोग ब्राउन शुगर तैयार करते हैं जिसे इकट्ठा कर मोटे दाम पर बेचता है। एसटीएफ ने चिनहट थाने में दोनों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।