अधिक शराब का सेवन मस्तिष्क के लिए घातक

हमें अक्सर व्हाट्सएप अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अजीब तरह के संदेश प्राप्त होते रहते हैं जो बताते हैं कि शराब की विशिष्ट मात्रा शरीर को लाभ पहुंचाती है। लेकिन एक नए अध्ययन में पता चला है कि शराब पीने से मस्तिष्क को नुकसान होता है। यह अध्ययन नेचर कम्युनिकेशंस जर्नल  में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं ने बताया कि मामूली स्तर पर भी शराब का सेवन मस्तिष्क को नुकसान हो सकता है। 36 हजार से अधिक वयस्कों के विवरण के आधार पर हुए शोध में पता चला है कि एक दिन में एक से दो बार पीने से मस्तिष्क में दो साल की उम्र के बराबर परिवर्तन होता है। ज्यादा शराब पीने से और अधिक खतरे का अंदेशा पाया गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि जो लोग अधिक मात्रा में शराब पीते है, उनके मस्तिष्क की संरचना और आकार में परिवर्तन होते हैं। ये परिवर्तन संज्ञानात्मक हानि से जुड़े होते हैं। ये निष्कर्ष सुरक्षित पीने की निर्धारित वैज्ञानिक और सरकारी दिशानिर्देशों के विपरीत है।