पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया, परिजनों ने कुछ लोगों पर मिलावटी शराब देने का आरोप लगाया
होली पर शराब पीने से हुई तीन लोगों की मौत के मामले में डीएम ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को शामिल किया गया है। मिलावटी शराब बिक्री करने के संदेह में पुलिस ने आठ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। होली के मौके पर शनिवार को कठाहार गांव निवासी अमित, उसके पिता जसकरन उर्फ कलक्टर और ताऊ राकेश की मौत हो गई थी। वहीं, घर आए रिश्तेदार अहिल्याहार रामनगर किशनी मैनपुरी निवासी पुष्पेंद्र की हालत बिगड़ गई थी। उसका इटावा के सैफई स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी में इलाज चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि मिलावटी शराब पीने से तीनों की जान गई है। परिजनों ने कुछ लोगों पर कम रुपयों में मिलावटी शराब बिक्री करने का आरोप भी लगाया है। इस मामले में डीएम राकेश कुमार मिश्रा ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।
अमित और आरोपी के बीच थी गहरी दोस्ती
मृतक अमित और शराब पिलाने के आरोपी पड़ोसी गांव के युवक के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों मथुरा में रहकर प्लास्टिक दाना बनाने वाली एक फैक्ट्री में में नौकरी करते थे। 16 मार्च को ही दोनों होली का त्योहार मनाने के लिए घर आए थे। अब शराब पीने से हुई अमित की मौत के बाद ग्रामीणों का संदेह उसी के दोस्त पर गहरा गया है।