कन्नौज: शराब पीने के बाद पिता-पुत्र समेत तीन की मौत

पड़ोसी गांव के दो युवकों पर लगा शराब में जहर मिलाने का आरोप

छिबरामऊ कोतवाली के कटाहार गांव में शराब पीने के बाद रविवार को पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पड़ोसी गांव के ही दो युवकों पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप लगा है। ग्राम कठाहार के रहने वाले जसकरन (56), उसके बेटे अमित (30) और जसकरन के चचेरे बड़े भाई राकेश (70) ने शनिवार को शराब पी थी। उसी रात अमित की हालत बिगड़ गई और उसे सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे सैफई रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इधर, रविवार की दोपहर को जसकरन व राकेश की भी हालत बिगड़ गई। सैफई ले जाते समय दोनों ने दम तोड़ दिया। अमित की पत्नी आरती ने पड़ोसी गांव गागिन नगला के दो युवकों पर पति और दोनों ससुर को शराब में जहर पिलाने का आरोप लगाया है।